लालकुआं गोला गेट पर पुलिस का शिकंजा: 116 पाउच कच्ची शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, सप्लायर भी रडार पर…
लालकुआं। नैनीताल पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बिंदुखत्ता के गोला गेट क्षेत्र से एक तस्कर को 116 पाउच कच्ची शराब और एक मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है। पूछताछ में मिले अहम खुलासों के बाद पुलिस ने शराब सप्लाई करने वाले एक अन्य आरोपी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में चौकी बिंदुखत्ता पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान गोला गेट के पास से आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन पाठक पुत्र श्याम पाठक, निवासी इंदिरा नगर प्रथम, बिंदुखत्ता के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से मोटरसाइकिल (UK04AR-5866, डिस्कवर) पर रखे एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे से 116 पाउच कच्ची शराब बरामद की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सूरज गोस्वामी, निवासी इंदिरा नगर द्वितीय, बिंदुखत्ता उससे प्रतिदिन 300 रुपये के हिसाब से यह कच्ची शराब बिकवाता था। पुलिस को इस संबंध में पर्याप्त साक्ष्य भी मिले हैं, जिसके आधार पर सूरज गोस्वामी के विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम की धारा 69-बी के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में कोतवाली लालकुआं में एफआईआर संख्या 125/2026 के तहत धारा 60/69-बी/72 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।
