तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न पर नैनीताल पुलिस का बड़ा एक्शन, 15 वाहन सीज…

हीरानगर में एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर चला चेकिंग अभियान, वाहनों से उतरवाए गए कानफोड़ू साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न।
हल्द्वानी। सड़कों पर तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगाकर घूमने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने और आम जनता को राहत दिलाने के उद्देश्य से पुलिस ने हल्द्वानी के हीरानगर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर करीब 15 मॉडिफाइड वाहनों को सीज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में चौकी प्रभारी हीरानगर संजीत राठौर और पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग की।
इस दौरान ऐसे वाहन पुलिस के निशाने पर रहे, जिनमें तेज आवाज वाले मॉडिफाइड रेट्रो साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगाए गए थे। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले लगभग 15 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर दिया।
कार्रवाई के दौरान वाहनों से ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न उतरवाकर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए। साथ ही वाहनों में कंपनी निर्मित सामान्य ध्वनि वाले साइलेंसर लगवाए गए। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद ही वाहनों को नियमानुसार सुपुर्द किया गया।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल न करें। ऐसे उपकरणों से न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलता है, बल्कि आम नागरिकों, बुजुर्गों, बच्चों और राहगीरों को भी परेशानी होती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

