गंगोत्री हाईवे पर मौत का तांडव, भागीरथी नदी में समाई गुजरातियों से भरी इनोवा, 4 की दर्दनाक मौत; एक गंभीर घायल, दो महिलाएं लापता…
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। गंगनानी के समीप डबरानी की ओर गुजरात से गंगोत्री जा रही यात्रियों से भरी इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए सीधे भागीरथी नदी में समा गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, इनोवा कार संख्या UK 08 TA 6040 में चालक समेत कुल सात लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीमों ने अब तक चार लोगों के शव नदी से बरामद कर लिए हैं, जबकि 17 वर्षीय युवक वेदान्त अशोकभाई पटेल को गंभीर हालत में सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया है। वहीं, हादसे के बाद से दो महिलाएं लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए भागीरथी नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
1. अशोकबेन पटेल (49 वर्ष), गुजरात
2. रुतिका अशोकभाई पटेल (19 वर्ष), गुजरात
3. घनश्याम भाई सरवालिया (32 वर्ष), गुजरात
4. सुरेंद्र सिंह, हरिद्वार (वाहन चालक)
गंभीर घायल:
-वेदान्त अशोकभाई पटेल (17 वर्ष), गुजरात।
दो महिलाएं अब भी लापता:
– सुधाबेन अशोकभाई पटेल (45 वर्ष), गुजरात।
– किरनबेन विशालभाई पटेल (34 वर्ष), गुजरात।
नदी का तेज बहाव और घटनास्थल की कठिन भौगोलिक परिस्थितियां रेस्क्यू टीमों के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के जवान नदी के किनारे और पानी के भीतर लगातार लापता महिलाओं की तलाश में जुटे हुए हैं।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सफर की चुनौतियों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल दो लापता महिलाओं की तलाश जारी है और सभी की निगाहें रेस्क्यू अभियान पर टिकी हैं।

