जघन्य हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने वाले SI लोकेन्द्र बहुगुणा को मिला केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक, उत्तराखंड पुलिस का बढ़ाया गौरव…
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस के उप निरीक्षक लोकेन्द्र बहुगुणा ने अपनी उत्कृष्ट विवेचना और पेशेवर दक्षता से प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। सीआईडी देहरादून में तैनात उप निरीक्षक बहुगुणा को अन्वेषण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित ‘केन्द्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक’ से सम्मानित किया गया है।
उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान वर्ष 2021 में देहरादून में पांच वर्षीय मासूम बालिका के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के सनसनीखेज मामले की चुनौतीपूर्ण विवेचना को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए प्रदान किया गया है। उन्होंने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच करते हुए महत्वपूर्ण तथ्यों को उजागर किया और अभियुक्त को कानून के कठघरे तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
उनकी कुशल विवेचना, सतर्कता और पेशेवर कार्यशैली का परिणाम रहा कि माननीय न्यायालय ने अभियुक्त को 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई।
इस उपलब्धि पर उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने उप निरीक्षक लोकेन्द्र बहुगुणा के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
उप निरीक्षक बहुगुणा को मिला यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत कार्यकुशलता और समर्पण का प्रतीक है, बल्कि उत्तराखंड पुलिस की प्रभावी अन्वेषण क्षमता और पेशेवर प्रतिबद्धता को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाता है।

