लालकुआं–पत्नी से कहासुनी के बाद युवक ने उठाया खौफनाक कदम, ससुराल में कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला शव…
लालकुआं। बिंदुखत्ता के घोड़ानाला क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। पत्नी से हुए विवाद के बाद 37 वर्षीय युवक ने अपने ससुराल में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। युवक का शव कमरे के अंदर पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिलने से परिवार में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बरेली जिले के फरीदपुर स्थित होली चौराहा निवासी राजेश 37 फल-सब्जी का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह पिछले करीब तीन महीनों से अपनी पत्नी के साथ बिंदुखत्ता के घोड़ानाला स्थित अपने ससुराल में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन दोपहर में राजेश शराब के नशे में घर पहुंचा था। इस दौरान पत्नी ने उसके नशे में आने पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद से नाराज होकर राजेश दूसरे कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो राजेश पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। वे तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। हल्द्वानी स्थित मोर्चरी में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

