दीपावली पर इंस्पिरेशन पब्लिक स्कूल में बिखरे लोकसंस्कृति के रंग, रंगोली और ऐपण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा…

काठगोदाम। दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में इंस्पिरेशन पब्लिक स्कूल, काठगोदाम में 5 नवंबर 2026 को अंतरसदनीय रंगोली एवं ऐपण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के रेड, ब्लू, ग्रीन और येलो हाउस के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
ऐपण प्रतियोगिता में कक्षा 9 और 11 के विद्यार्थियों ने उत्तराखंड की समृद्ध पारंपरिक लोककला को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने लक्ष्मी चौकी, भद्रा चौकी, शिव-अर्चन चौकी और सरस्वती चौकी सहित विभिन्न पारंपरिक चौकियां बनाकर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक पेश की। वहीं, कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से उत्तराखंड की लोककला और परंपराओं को रंगों से जीवंत कर दिया।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी लोकसंस्कृति, पारंपरिक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक करना तथा उनमें रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना रहा।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा किया गया। इसमें चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया, प्रबंधन समिति की सदस्य सुश्री आयुषी बल्यूटिया, प्रधानाचार्य अनुराग माथुर तथा कला अध्यापक नीरू जोशी गोयल एवं विवेक चंद्र बिष्ट शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की कलात्मक अभिव्यक्ति, मेहनत और रचनात्मकता की सराहना की।
ऐपण प्रतियोगिता में येलो हाउस ने प्रथम, ग्रीन हाउस ने द्वितीय और रेड हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं रंगोली प्रतियोगिता में ग्रीन हाउस प्रथम, येलो हाउस द्वितीय और रेड हाउस तृतीय स्थान पर रहा।
कार्यक्रम के समापन पर चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया और प्रधानाचार्य अनुराग माथुर ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को भी निखारती हैं।

