पारिवारिक विवादों के समाधान में नैनीताल पुलिस की पहल: एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में महिला ऐच्छिक ब्यूरो की काउंसलिंग, 9 मामलों पर हुई सुनवाई…
हल्द्वानी। महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े मामलों में त्वरित जांच, निष्पक्ष कार्रवाई और पारिवारिक विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस लगातार संवेदनशील पहल कर रही है। इसी क्रम में 29 जुलाई 2026 को पुलिस बहुद्देशीय भवन, हल्द्वानी में महिला ऐच्छिक ब्यूरो का मासिक काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने की।
बैठक में ऐच्छिक ब्यूरो की सदस्य डॉ. नंदिता अरेकल, डॉ. रश्मि पंत (मनोवैज्ञानिक एवं काउंसलर, महिला डिग्री कॉलेज हल्द्वानी) तथा श्री राम सिंह बसेड़ा (अधिवक्ता एवं पूर्व अध्यक्ष, बार एसोसिएशन हल्द्वानी) उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पक्षों को समझाने और उचित समाधान निकालने का प्रयास किया।
महिला समाधान केंद्र हल्द्वानी की प्रभारी उप निरीक्षक सुनीता कुंवर ने ऐच्छिक ब्यूरो के समक्ष कुल 9 प्रकरण प्रस्तुत किए। सभी मामलों में दोनों पक्ष काउंसलिंग के लिए उपस्थित हुए, जहां उनकी समस्याओं और पक्षों को विस्तार से सुना गया तथा कानूनी एवं सामाजिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिए गए।
4 मामलों में मुकदमा दर्ज करने के आदेश जारी किए गए।
2 मामलों का आपसी सहमति से समझौता कर निस्तारण किया गया।
3 मामलों को अग्रिम कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय को भेजा गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करना नैनीताल पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां संभव हो, पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कराया जाए और जहां कानूनन कार्रवाई आवश्यक हो, वहां बिना किसी देरी के सख्त कदम उठाए जाएं।
महिला ऐच्छिक ब्यूरो की यह पहल न केवल पारिवारिक विवादों को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, बल्कि पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने और समाज में विश्वास कायम करने की दिशा में भी एक प्रभावी प्रयास साबित हो रही है।
