ऑपरेशन प्रहार में नैनीताल पुलिस का बड़ा एक्शन, 20 वाहन सीज और 9 गिरफ्तार, रात 11 से 2 बजे तक हल्द्वानी में चला सघन चेकिंग अभियान, नशे में वाहन चलाने वाले चार गिरफ्तार; सार्वजनिक संपत्ति विरूपण समेत दो मुकदमे दर्ज…

IMG-20260913-WA0026
खबर शेयर करें -

 

 

हल्द्वानी। छात्र संघ चुनाव के दौरान प्रचार की आड़ में हुड़दंग, अराजकता और यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी में रात 11 बजे से 2 बजे तक ऑपरेशन प्रहार के तहत वृहद चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने 20 वाहनों को सीज किया, नशे में वाहन चलाने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि अराजकता फैलाने के आरोप में पांच अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया।

 

पुलिस के अनुसार छात्र संघ चुनाव को लेकर विभिन्न पदों के प्रत्याशियों द्वारा प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस दौरान बिना अनुमति सार्वजनिक स्थानों और दीवारों पर पोस्टर व होर्डिंग लगाने, वाहनों से जिग-जैग तरीके से वाहन चलाकर हुड़दंग करने, आम लोगों से अभद्रता और मारपीट करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन बाधित करने जैसी शिकायतें सामने आई थीं। इसके साथ ही लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के उल्लंघन की भी जानकारी पुलिस को मिली थी।

यह भी पढ़ें:  ममता एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी, गोरा पड़ाव के मार्गदर्शन में मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा के दौरान स्वाति और विपिन ने लहराया सफलता का परचम...

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने रातभर चेकिंग अभियान चलाया।

यह भी पढ़ें:  चारधाम यात्रा को मिलेगी रफ्तार, पहाड़ों में 4202 वाहनों के लिए बनीं 63 पार्किंग, नैनीताल में 700 तो कैंची धाम में 500 से अधिक वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग पर काम तेज...

 

12 सितंबर 2026 को कोतवाली हल्द्वानी में दो मुकदमे दर्ज किए गए। पहला मुकदमा मुकेश पांडे और 18 अन्य के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया। दूसरा मुकदमा अमन चंद्र और सात अन्य के खिलाफ उत्तराखंड सार्वजनिक संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, 2003 की धाराओं के तहत दर्ज किया गया।

 

अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चार लोगों लवराज, दीपक पांडे, हिमांशु कुमार और आशीष पांडे को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा मोटर वाहन अधिनियम के तहत 20 वाहनों को सीज किया गया।

 

वहीं, क्षेत्र में अनावश्यक रूप से घूमकर हुड़दंग और अराजकता करने वाले हरीश कुमार, सचिन सिंह, पंकज डोबाल, प्रियांशु कुमार और चंद्र प्रकाश को धारा 172 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया।

यह भी पढ़ें:  नशे के खिलाफ नैनीताल पुलिस का शिकंजा, 96 टेट्रा पैक शराब के साथ 21 वर्षीय युवक गिरफ्तार, मुखानी पुलिस की फतेहपुर लामाचौड़ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज...

 

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छात्र संघ चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा, सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता, यातायात व्यवस्था में व्यवधान अथवा आमजन के साथ अभद्रता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि चुनाव प्रचार की आड़ में कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऑपरेशन प्रहार के तहत कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ नैनीताल पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Ad