हल्द्वानी में देर रात पुलिस का कड़ा पहरा, 70 वाहनों पर कार्रवाई, ड्रंकन ड्राइविंग पर शिकंजा, 6 चालक गिरफ्तार; 10 वाहन सीज, संदिग्धों की भी हुई सघन चेकिंग…
हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में हल्द्वानी में देर रात पुलिस ने व्यापक सघन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 70 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई, जबकि 10 वाहन सीज किए गए। नशे में वाहन चलाने वाले 6 चालकों को पकड़ा गया।
एसएसपी के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार की अगुवाई में रिजर्व पुलिस, सीपीयू और थाना पुलिस बल ने शहर के प्रमुख एवं व्यस्ततम चौराहों पर देर रात तक चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस ने ड्रंकन ड्राइविंग, संदिग्ध वाहनों, अराजक तत्वों और अनावश्यक रूप से घूम रहे युवकों एवं व्यक्तियों की सघन जांच की। अनियमितता मिलने पर मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान ब्लैक फिल्म लगाने पर 5 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि शस्त्र अधिनियम के तहत भी एक कार्रवाई की गई।
चेकिंग अभियान के तहत तिकोनिया, कुल्यालपुरा, नरीमन, कोलटैक्स, ताज चौराहा समेत शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। इस दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की बारीकी से जांच की।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर चल रहे इस अभियान का उद्देश्य रात्रि के समय कानून-व्यवस्था बनाए रखना, नशे में वाहन चलाने वालों पर अंकुश लगाना और शहर में अराजक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण करना है।
अभियान में प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी सहित चौकी प्रभारियों और थाना पुलिस बल ने सक्रिय भूमिका निभाई।