बिग ब्रेकिंग–हरिद्वार जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी, WhatsApp मैसेज और कॉल से मचा हड़कंप, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की शुरू..
हरिद्वार। हरिद्वार जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जेल अधीक्षक को लगातार WhatsApp मैसेज और फोन कॉल के जरिए डराने-धमकाने की कोशिश की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल अधीक्षक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार को लिखित शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि जेल में बंद शीला नाम की एक महिला ने डिप्टी जेलर के साथ अभद्रता की थी। इस पर जेल अधीक्षक मनोज आर्य ने महिला को फटकार लगाते हुए चेतावनी दी थी। आरोप है कि घटना के करीब दो दिन बाद महिला से मिलने उसका कथित पति जेल पहुंचा और इसके बाद ही जेल अधीक्षक के मोबाइल पर धमकी भरे कॉल और WhatsApp मैसेज आने लगे।
जेल अधीक्षक के मुताबिक, कॉल करने वाला व्यक्ति बातचीत के दौरान लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर धमकी दे रहा था। लगातार मिल रही धमकियों के बाद उन्होंने मामले की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर धमकी भरे फोन कॉल और WhatsApp मैसेज की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने वाला वास्तव में कौन है और उसका जेल में बंद महिला से क्या संबंध है।
जानकारी के अनुसार, शीला वर्ष 2023 से जुड़े एक मामले में रेप और पॉक्सो जैसी गंभीर धाराओं में विचाराधीन बंदी बताई जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि उसके कथित पति हिमांशु चड्ढा, जो लुधियाना का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में ऋषिकेश में रह रहा है, की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल पुलिस धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान, मोबाइल नंबर और WhatsApp चैट से जुड़े साक्ष्यों को खंगाल रही है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धमकी के पीछे वास्तव में कौन था और उसका किसी गैंग से कोई संबंध है या नहीं।