नैनीताल पुलिस ने धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस, उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को मिला सम्मान, एसपी संचार रेवाधर मठपाल को मिला मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक, पुलिस कर्मियों को डीजीपी प्रशस्ति डिस्क से किया गया सम्मानित…

नैनीताल। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नैनीताल पुलिस ने जनपद के सभी थानों, कार्यालयों और पुलिस इकाइयों में राष्ट्रीय पर्व को उत्साह और गरिमापूर्ण ढंग से मनाया। पुलिस लाइन नैनीताल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों और देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस कर्मियों को मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के माध्यम से लोकतंत्र की रक्षा करने तथा देश की आंतरिक सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान नैनीताल पुलिस के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न पदकों एवं सम्मान चिन्हों से सम्मानित किया गया।
एसपी संचार रेवाधर मठपाल को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक, नैनीताल पुलिस के एसपी संचार रेवाधर मठपाल को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया गया। इसके अलावा पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ‘सिल्वर’ से उप निरीक्षक चन्द्रशेखर और अपर उप निरीक्षक जानकी वर्मा को सेवा के आधार पर सम्मानित किया गया।
डीजीपी प्रशस्ति डिस्क से पुलिसकर्मी सम्मानित, पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ‘गोल्ड’ से अपर उप निरीक्षक हरीश चन्द्र को सेवा के आधार पर सम्मानित किया गया। वहीं विशिष्ट कार्य के लिए डीजीपी प्रशस्ति डिस्क ‘सिल्वर’ से मुख्य आरक्षी विरेन्द्र राम, आरक्षी शंकर नाथ तथा उप निरीक्षक दिलीप सिंह को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड द्वारा घोषित डीजीपी डिस्क ‘सिल्वर’ भी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रदान की गई। इनमें अपर पुलिस अधीक्षक सतर्कता उच्च न्यायालय नैनीताल राजेश कुमार भट्ट को सेवा के आधार पर, जबकि सीओ भवाली रविकांत सेमवाल को विशिष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। आरक्षी मुन्नी देवी लोहानी को भी सेवा के आधार पर डीजीपी डिस्क से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, अपर पुलिस अधीक्षक विजिलेंस हाईकोर्ट राजेश कुमार भट्ट, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह और निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय नैनीताल, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने पुलिस बहुद्देशीय भवन हल्द्वानी तथा जिले के अन्य राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और अग्निशमन अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों, थानों एवं फायर स्टेशनों में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मान मिलने से निश्चित रूप से अन्य जवानों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नैनीताल पुलिस के सभी अधिकारी एवं जवान इसी प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा और विभागीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए उत्कृष्ट कार्य करते रहेंगे।
