रुद्रपुर जिला अस्पताल हत्याकांड: 12 घंटे में पुलिस का बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी विकास कुमार मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, देखिये वीडियो…
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार; अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दे रही दबिश।
रुद्रपुर। जिला अस्पताल परिसर में हुए नितेश उर्फ राज जौहरी हत्याकांड में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी विकास कुमार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ थाना पुलभट्टा क्षेत्र में हुई। पुलिस अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 की सुबह जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर स्थित प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। इसी विवाद के चलते जिला चिकित्सालय रुद्रपुर परिसर में दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। इस दौरान हुई मारपीट में नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजन दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में तीन आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर RFSL और फील्ड यूनिट की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से महत्वपूर्ण प्रदर्श एकत्र करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया।
एसएसपी के निर्देशन में सक्रिय हुई पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं, मुख्य आरोपी विकास कुमार को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इस तरह घटना के 12 घंटे के भीतर पुलिस ने तीन आरोपियों को अपनी गिरफ्त में ले लिया।
1. विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार, निवासी जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर।
2. आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार, निवासी जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर।
3. विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय रामावतार, निवासी जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर।
पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। थाना पुलभट्टा, दिनेशपुर और एसओजी रुद्रपुर की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
जिला अस्पताल परिसर में हुई इस वारदात के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले में तीन गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। अब पुलिस की प्राथमिकता फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा करना है।

