लालकुआं में खत्म हुआ नगर पंचायत अध्यक्ष और कोतवाल के बीच विवाद, प्रशासन की पहल से लौटी शहर की व्यवस्थाएं…
डीएम के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों ने की अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी से वार्ता, स्ट्रीट लाइटें हुईं चालू; शुक्रवार से नियमित होगा कूड़ा उठान।
लालकुआं। नगर पंचायत अध्यक्ष और कोतवाली प्रभारी के बीच उपजे विवाद का आखिरकार प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद पटाक्षेप होता नजर आ रहा है। पिछले कई दिनों से जारी गतिरोध के चलते नगर की प्रभावित नागरिक सुविधाओं को बहाल करने के लिए जिला प्रशासन ने पहल की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत के जरिए सहमति बन गई।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर एसडीएम रेखा कोहली, एसपी सिटी सरदार हरवंश सिंह और सीओ लव शर्मा ने नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के साथ बैठक कर पूरे मामले पर चर्चा की। अधिकारियों ने आपसी समन्वय और संवाद के माध्यम से विवाद को समाप्त कर नगर की व्यवस्थाओं को दोबारा सुचारु बनाने पर जोर दिया।
वार्ता के दौरान नगरवासियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए कई अहम मुद्दों पर सहमति बनी। इसके तहत नगर क्षेत्र में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू कर दिया गया है। वहीं लंबे समय से प्रभावित सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शुक्रवार से नियमित कूड़ा उठान और निस्तारण शुरू करने का निर्णय लिया गया।
गौरतलब है कि ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और कोतवाली प्रभारी के बीच विवाद गहरा गया था। मामला बढ़ने के साथ ही नगर की सफाई और अन्य व्यवस्थाएं भी प्रभावित होने लगी थीं, जिससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
फिलहाल प्रशासनिक अधिकारियों की मध्यस्थता और आपसी बातचीत से निकले समाधान ने नगर में सामान्य हालात बहाल होने की उम्मीद जगा दी है। अब नगरवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि तय सहमति के अनुरूप सफाई सहित सभी नागरिक सुविधाएं कितनी तेजी से पूरी तरह पटरी पर लौटती हैं।

