हल्द्वानी की नई नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने संभाली जिम्मेदारी, सड़क–सीवरेज और कूड़ा निस्तारण पर रहेगा खास फोकस…
शहर की बुनियादी समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान, शिकायतों के त्वरित निस्तारण और सफाई व्यवस्था में सुधार पर दिया जोर।
हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम को नई नगर आयुक्त मिल गई हैं। नवनियुक्त आईएएस अधिकारी आशिमा गोयल ने गुरुवार को नगर आयुक्त का कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने शहर की प्रमुख समस्याओं को लेकर अपनी कार्ययोजना और प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं। उन्होंने साफ किया कि हल्द्वानी शहर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना और आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने कहा कि शहर में सड़क, सीवरेज और कूड़ा निस्तारण जैसी समस्याएं लंबे समय से चुनौती बनी हुई हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उनका प्रयास रहेगा कि नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के निस्तारण के लिए नगर निगम के चक्कर न काटने पड़ें और शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई हो।
उन्होंने विशेष रूप से शहर की सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पुराने समय से जमा कचरे (लेगेसी वेस्ट) के साथ ही प्रतिदिन निकलने वाले ताजे कचरे (फ्रेश वेस्ट) का भी व्यवस्थित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए मौजूदा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और उन्हें अधिक प्रभावी बनाने पर जोर रहेगा।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है। ऐसे में सफाई व्यवस्था, सड़क और सीवरेज से जुड़ी समस्याओं के समाधान के साथ ही नगर निगम की कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
नई नगर आयुक्त के सामने हल्द्वानी की बढ़ती शहरी जरूरतों और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने की चुनौती होगी। अब देखना होगा कि उनकी प्राथमिकताएं धरातल पर कितनी तेजी से उतरती हैं और शहरवासियों को समस्याओं से कितनी राहत मिल पाती है।

