उत्तराखंड में लगातार दूसरे दिन बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 24 PCS अधिकारियों के तबादले; नैनीताल में कई SDM बदले…

तुषार सैनी को ऊधम सिंह नगर से नैनीताल की जिम्मेदारी, नवाजिश खलीक अल्मोड़ा भेजे गए; रेखा कोहली की नैनीताल से ऊधम सिंह नगर में तैनाती।
देहरादून। उत्तराखंड में प्रशासनिक स्तर पर लगातार दूसरे दिन बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। शासन ने गुरुवार को प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) संवर्ग के 24 अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में ज्यादातर बदलाव उपजिलाधिकारियों (SDM) और डिप्टी कलेक्टर स्तर पर किए गए हैं। प्रदेश के कई जिलों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं, जबकि नैनीताल जिले में भी कई अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है।
शासन की ओर से जारी तबादला आदेश के बाद नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिले में अधिकारियों की अदला-बदली हुई है। ऊधम सिंह नगर में तैनात तुषार सैनी को नैनीताल का डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है। वहीं नैनीताल में तैनात नवाजिश खलीक को अल्मोड़ा भेजा गया है।
इसी क्रम में नैनीताल की एसडीएम रेखा कोहली का तबादला ऊधम सिंह नगर कर दिया गया है। दूसरी ओर ऊधम सिंह नगर में तैनात गौरव पांडेय, अमृता शर्मा और शिप्रा जोशी को नैनीताल में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस प्रशासनिक फेरबदल से नैनीताल जिले में एसडीएम स्तर पर अधिकारियों की नई टीम तैयार होगी। वहीं ऊधम सिंह नगर में भी प्रशासनिक जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड शासन ने इससे एक दिन पहले भी 10 आईएएस और 20 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए थे। लगातार दूसरे दिन हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। शासन ने संबंधित अधिकारियों को नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

