सोशल मीडिया पर शिकायत और 2 घंटे में एक्शन, नैनीझील में चला मेगा सफाई अभियान, गंदगी फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई…

नैनीताल। सोशल मीडिया पर नैनीझील क्षेत्र में गंदगी फैलने की शिकायत सामने आते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे के निर्देश पर शनिवार को महज दो घंटे के भीतर नगर पालिका परिषद और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने नैनीझील में व्यापक सफाई अभियान चलाकर झील और उसके आसपास जमा कूड़े को हटाया।
उपजिलाधिकारी नैनीताल के नेतृत्व में चले इस विशेष अभियान के दौरान झील के किनारों और जल क्षेत्र से प्लास्टिक, पॉलिथीन समेत बड़ी मात्रा में अन्य अपशिष्ट सामग्री एकत्र कर उसका नियमानुसार निस्तारण किया गया। अभियान में कई टीमों ने एक साथ काम करते हुए झील को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया।
प्रभारी जिलाधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यह केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि नियमित प्रक्रिया का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नैनीझील जनपद की पहचान और प्राकृतिक धरोहर है, जिसकी स्वच्छता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने उपजिलाधिकारी को सफाई कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को नगर क्षेत्र में लगातार सफाई अभियान चलाने और विशेष रूप से उन नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया, जिनका पानी नैनीझील में गिरता है।
प्रशासन ने गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया है। प्रभारी जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति झील या नालों में कूड़ा फेंकता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कठोर कार्रवाई होगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नैनीझील और नालों में कूड़ा न डालें तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग देकर नैनीताल की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएं।
