उत्तराखंड सूचना विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई जिला सूचना अधिकारियों के तबादले…
देहरादून। उत्तराखंड शासन के सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण फेरबदल किया गया है। महानिदेशक, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत कई जिला सूचना अधिकारियों, अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारियों एवं सूचना अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार हरिद्वार के जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम का तबादला सूचना निदेशालय (मुख्यालय), देहरादून से संबद्ध मीडिया सेंटर, हल्द्वानी किया गया है। वहीं रुद्रप्रयाग के जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर को सूचना निदेशालय (मुख्यालय), देहरादून भेजा गया है।
इसी क्रम में टिहरी में तैनात सूचना अधिकारी भजनी का तबादला भी सूचना निदेशालय (मुख्यालय), देहरादून किया गया है। जबकि पौड़ी के अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी प्रमोद सिंह को जिला सूचना कार्यालय, टिहरी में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विभागीय आदेश के अनुसार कुछ अधिकारियों की तैनाती यथावत रखी गई है। इनमें संजय सिंह सूचना अधिकारी, सूचना निदेशालय देहरादून, रति लाल जिला सूचना अधिकारी हरिद्वार, कृपाल लाल टष्टा जिला सूचना अधिकारी रुद्रप्रयाग तथा आशा गोस्वामी अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी चम्पावत शामिल हैं।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग का कहना है कि यह प्रशासनिक फेरबदल विभागीय कार्यों को और अधिक प्रभावी, सुचारु एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
