विश्व मात्स्यिकी दिवस पर सीएम धामी की पहल: गंगा में छोड़े 10 हजार मत्स्य बीज, जलीय जैव विविधता संरक्षण का दिया संदेश…

हरिद्वार के अमरापुर घाट पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने कहा- गंगा की निर्मलता और अविरलता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी।
हरिद्वार। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हरिद्वार के अमरापुर घाट पर गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया। मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मां गंगा केवल हमारी आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक ही नहीं, बल्कि समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों का भी महत्वपूर्ण आधार हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नदी में पाए जाने वाले जलीय जीवों और प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरणीय संतुलन के लिए बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है। नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीजों का संचयन जलीय पारिस्थितिकी को मजबूत करने और प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों के सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस तरह की पहल से नदी की जैव विविधता के संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। मुख्यमंत्री ने आमजन से गंगा सहित प्रदेश की सभी नदियों को स्वच्छ रखने, जल प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने में सहयोग करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियां और प्राकृतिक संसाधन आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण के साथ विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, समृद्ध और पर्यावरण की दृष्टि से सुरक्षित भविष्य का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

