भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी अभियान तेज, 26 नवंबर को राजभवन में गूंजेगी जनता की आवाज…

ब्लॉक स्तर पर जुटाए जा रहे हस्ताक्षर, संविधान दिवस पर राज्यपाल को सौंपे जाएंगे बैनर; सुमित हृदयेश बोले, भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा के मुद्दों पर सरकार को देना होगा जवाब…
हल्द्वानी। प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। सरकार की जवाबदेही तय करने और जनहित के मुद्दों पर जनता की आवाज बुलंद करने के लिए कांग्रेस प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चला रही है। इसी क्रम में रविवार को जेल रोड चौराहा, हीरानगर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बमोरी एवं महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी के संयुक्त तत्वावधान में हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। अभियान में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों ने भी भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेम पांडे समेत पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर कर अभियान को समर्थन दिया।
इस दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर पर चल रहे हस्ताक्षर अभियान के तहत जुटाए गए हस्ताक्षरों वाले बैनर 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर राजभवन कूच के दौरान राज्यपाल को सौंपे जाएंगे। कांग्रेस जनता की समस्याओं और भ्रष्टाचार से जुड़े सवालों को लोकतांत्रिक तरीके से संवैधानिक संस्थाओं तक पहुंचाना चाहती है। उन्होंने कहा कि पिछली बार कांग्रेस नेताओं को राजभवन में प्रवेश नहीं दिया गया था, लेकिन जनता की आवाज को अनसुना नहीं किया जा सकता। लोकतंत्र में जनभावनाओं का सम्मान होना चाहिए।
सुमित हृदयेश ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष महज राजनीतिक विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के वास्तविक मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही तय करना है। उन्होंने कृषि मंत्री से जुड़े हाईकोर्ट में विचाराधीन मामले और 210 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर लगाए गए आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि इन आरोपों पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि संपत्ति से संबंधित आरोप कांग्रेस की ओर से नहीं, बल्कि संबंधित मंत्री के पति की ओर से सार्वजनिक रूप से लगाए गए हैं।
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी विधायक ने सरकार को घेरते हुए कहा कि जब महिला सशक्तिकरण की जिम्मेदारी संभालने वाली मंत्री ही अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जता रही हैं, तो प्रदेश की आम महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि भ्रष्टाचार प्रदेश की व्यवस्था के सामने गंभीर चुनौती बन चुका है। सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है। हस्ताक्षर अभियान के जरिए जनता को जागरूक कर भ्रष्टाचार के खिलाफ सामूहिक आवाज खड़ी की जा रही है। वहीं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेम पांडे ने कहा कि अभियान को गांव, वार्ड और मोहल्लों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस पर राजभवन कूच के दौरान प्रदेशभर से जुटाए गए हस्ताक्षरों वाले बैनर राज्यपाल को सौंपे जाएंगे। पार्टी इस अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रदेशव्यापी आंदोलन का रूप देने की तैयारी में है।
इस अवसर पर हेमंत बगड़वाल, हरीश मेहता, एनबी गुणवंत, शोभा बिष्ट, मधु सांगुड़ी, गुरप्रीत प्रिंस, पार्षद नीमा भट्ट, दीप चंद्र पाठक, मयंक भट्ट, सुहैल सिद्धिकी, विनय भट्ट, गोविंद बगड़वाल, कौशलेन्द्र भट्ट, मनोज भट्ट, महेशानंद, रिंकू बिष्ट, सीमा लोहमी, रत्ना श्रीवास्तव, मंजू पांडे, विमला सांगुड़ी, राजेंद्र उपाध्याय, रोहित सांगुड़ी, गिरजा तड़ागी, महेंद्र परिहार, जाकिर हुसैन, सालिम सिद्धिकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

