एसआईआर अभियान पर आयुक्त दीपक रावत की सख्ती, बूथों का किया औचक निरीक्षण, बोले–हर नोटिस का समयबद्ध निस्तारण हो, मतदाता न हों परेशान…

FB_IMG_1786068013833
खबर शेयर करें -

 

 

 

हल्द्वानी। कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए गुरुवार को शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने खालसा इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका महाविद्यालय और एमबी इंटर कॉलेज स्थित बूथों का निरीक्षण कर अधिकारियों को अभियान को पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुचारु रूप से चल रहा है और पहले जारी किए गए नोटिसों की सुनवाई विभिन्न बूथों पर की जा रही है। उन्होंने सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को अपने-अपने बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें:  नैनीताल में स्ट्रीट लाइटों पर आयुक्त का शिकंजा, हर वार्ड की लाइटों का होगा हिसाब–किताब, रोजाना मौके पर पहुंचेगी पालिका की टीम; खराब लाइटों की मरम्मत में देरी पर होगी जवाबदेही...

 

दीपक रावत ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं के नाम, पिता के नाम या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर उसका तत्काल निराकरण करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ बूथों पर उपलब्ध हैं और प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर नियमानुसार समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:  चकराता सीट पर सियासी संग्राम तेज, गरिमा दसौनी का मधु चौहान पर तीखा हमला, दसौनी बोलीं—प्रीतम सिंह का मजबूत जनाधार, विजय रथ रोकना भाजपा के लिए आसान नहीं...

 

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक नोटिस का समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, प्रमाणिक और अद्यतन बनाना है, इसलिए सभी अधिकारी निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

 

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उन्हें आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम सही रूप से निर्वाचक नामावली में दर्ज हो सकें। साथ ही अभियान के दौरान सतर्कता, बेहतर समन्वय और जनसहभागिता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।

यह भी पढ़ें:  देहरादून–कैंट में कांग्रेस का चुनावी बिगुल, बूथ से लेकर गली–मोहल्लों तक संगठन मजबूत करने में जुटी पार्टी...

 

आयुक्त दीपक रावत ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने संबंधित बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची में दर्ज विवरण का सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि निर्वाचक नामावली पूरी तरह त्रुटिरहित और अद्यतन बनाई जा सके।

 

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार कुलदीप पांडे, विभिन्न क्षेत्रों के सुपरवाइजर तथा बूथ लेवल अधिकारी भी मौजूद रहे।

Ad