देहरादून में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी का आगाज, अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर उत्तराखंड की नई छलांग, मुख्यमंत्री धामी बोले—विंटर और आइस स्पोर्ट्स के लिए उत्तराखंड को वैश्विक स्तर पर विकसित करने का संकल्प…

FB_IMG_1786967691072
खबर शेयर करें -

 

देहरादून। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, देहरादून में सोमवार को एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उद्घाटन कार्यक्रम में प्रतिभाग कर देश-विदेश से पहुंचे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 20 अगस्त तक चलेगी।

 

मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव का विषय है कि प्रदेश को एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से उत्तराखंड की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शीतकालीन और आइस स्पोर्ट्स के अनुकूल गंतव्य के रूप में और मजबूत होगी।

 

उन्होंने आयोजन से जुड़े आयोजकों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों और सहयोगियों को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के प्रति सोच और वातावरण में व्यापक बदलाव आया है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को नई मजबूती दी है। आज भारतीय खिलाड़ी ओलंपिक, एशियन गेम्स सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

यह भी पढ़ें:  उत्कृष्ट सेवाओं के लिए कर्मठ अधिकारियों–कर्मचारियों का सम्मान, कर्मठता और उत्कृष्टता को सलाम: स्वतंत्रता दिवस पर पांच उत्कृष्ट कार्मिक सम्मानित...

 

राष्ट्रीय खेलों से मिली विश्वस्तरीय खेल अवस्थापना की ताकत, मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले वर्ष प्रदेश में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल और भव्य आयोजन किया गया, जिससे राज्य में आधुनिक एवं विश्वस्तरीय खेल अवस्थापना का मजबूत आधार तैयार हुआ। इसी का परिणाम है कि उत्तराखंड अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में भी सक्षम हो रहा है।

 

उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान को धरातल पर उतारने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसके तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी, जहां खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण की सुविधाएं मिलेंगी। हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है, जबकि लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू हो चुका है।

यह भी पढ़ें:  काठगोदाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 15 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ युवक गिरफ्तार...

 

पदक विजेताओं को सरकारी सेवा में अवसर, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर दिए जा रहे हैं। प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति के साथ आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेजों में निशुल्क शिक्षा और प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना जैसी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:  उत्कृष्ट सेवाओं के लिए कर्मठ अधिकारियों–कर्मचारियों का सम्मान, कर्मठता और उत्कृष्टता को सलाम: स्वतंत्रता दिवस पर पांच उत्कृष्ट कार्मिक सम्मानित...

 

विंटर और आइस स्पोर्ट्स पर विशेष जोर, मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पारंपरिक खेलों के साथ-साथ वॉटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स, विंटर स्पोर्ट्स और आइस स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दे रही है। सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के खिलाड़ियों के लिए पसंदीदा खेल प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करना है।

 

उन्होंने कहा कि एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से प्रदेश में खेल पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी और उत्तराखंड की खेल क्षमताओं को वैश्विक मंच पर पहचान मिलेगी।

 

कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, एशियन स्केटिंग यूनियन के अध्यक्ष म्योंग ही चांग, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Ad