हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव का रण शुरू, मतदान केंद्रों पर उमड़ी छात्र-छात्राओं की भीड़, पुलिस की व्यवस्था चाक चौबंद…..

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव को लेकर सुबह से ही चुनावी सरगर्मी तेज हो गई। निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया शुरू होते ही कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं की आवाजाही बढ़ गई और मतदान केंद्रों के बाहर कतारें नजर आने लगीं। अपने-अपने पसंदीदा प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।
चुनाव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए कॉलेज परिसर के साथ ही आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी मतदान केंद्रों के आसपास लगातार निगरानी बनाए हुए हैं, जबकि कॉलेज प्रशासन भी पूरी प्रक्रिया पर नजर रख रहा है।
एमबीपीजी कॉलेज में सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर 3 बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी। मतगणना को लेकर कॉलेज प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मतगणना के दौरान प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की नजर चुनाव परिणाम पर टिकी रहेगी। जानकारी के मुताबिक देर रात तक मतगणना पूरी होने की संभावना है और करीब रात 11 बजे तक विजेता प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जा सकते हैं। इसके बाद निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी।
छात्रसंघ चुनाव को लेकर कॉलेज परिसर में सुबह से ही उत्साह और हलचल का माहौल बना हुआ है। मतदान के बाद अब सभी की निगाहें मतगणना और देर रात आने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।