बिग ब्रेकिंग–ऊधमसिंहनगर, काशीपुर में कमिश्नर दीपक रावत का औचक निरीक्षण, खुली तहसील की पोल, मिलीं कई खामियां…
काशीपुर। कुमाऊं मंडल के आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री आईएएस दीपक रावत ने काशीपुर के उप जिलाधिकारी कार्यालय और तहसील का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण में कई स्तर पर अनियमितताएं और कमियां सामने आने पर कमिश्नर दीपक रावत ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो और उनके कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
कमिश्नर ने लंबित प्रकरणों और अभिलेखों के रखरखाव की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयीन कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान मिली खामियों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और भविष्य में ऐसी कमियां दोबारा सामने न आने देने के निर्देश दिए। कमिश्नर के औचक निरीक्षण से तहसील परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों में भी हलचल रही।