हल्द्वानी में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 3 शातिर चोर और चोरी की बाइकें खरीदने वाला मैकेनिक गिरफ्तार, 6 मोटरसाइकिलें बरामद…

हल्द्वानी/लालकुआं। नैनीताल जिले में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे पुलिस अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों समेत चोरी की बाइक खरीदने और उनके पार्ट्स बेचने वाले एक मैकेनिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक, बनभूलपुरा क्षेत्र में 11 अक्टूबर को नाजिम की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल घर के बाहर से चोरी हो गई थी। इसके बाद 24 अक्टूबर को गांधी स्कूल के पास से निजाम की मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई। लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह के मार्गदर्शन और सीओ हल्द्वानी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई।
प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही सुरागरसी और पतारसी शुरू की। इसी क्रम में 5 नवंबर को गौला बाईपास रोड पर पुलिस ने तीन आरोपियों को चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर चोरी के वाहनों को खरीदने और उनके पार्ट्स ठिकाने लगाने वाले मैकेनिक को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने करन पाठक (20), योगेश कुमार आर्या (21) और दीपक शर्मा (21), तीनों निवासी मुखानी क्षेत्र, तथा विजय श्रीवास्तव (22), निवासी जीतपुर नेगी, रामपुर रोड, हल्द्वानी को गिरफ्तार किया है। विजय श्रीवास्तव मोटरसाइकिल मैकेनिक बताया गया है।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। इसके बाद चोरी की बाइकें विजय श्रीवास्तव को बेच दी जाती थीं। आरोप है कि विजय उत्तर प्रदेश से खरीदार बुलाकर पूरी मोटरसाइकिलें बेचता था या फिर उनके पार्ट्स अलग-अलग कर बाजार में खपाता था। इससे मिलने वाली रकम को सभी आरोपी आपस में बांट लेते थे।
छह मोटरसाइकिलें बरामद, पुलिस ने आरोपियों से कुल छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें तीन स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें करन, योगेश और दीपक के कब्जे से तथा तीन अन्य मोटरसाइकिलें, जिनमें स्प्लेंडर प्रो, स्प्लेंडर प्लस और पल्सर शामिल हैं, मैकेनिक विजय श्रीवास्तव के कब्जे से बरामद की गईं। ये वाहन बनभूलपुरा, मुखानी, काठगोदाम, हल्द्वानी और भीमताल क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, करन पाठक, योगेश कुमार और दीपक शर्मा के खिलाफ काठगोदाम कोतवाली में भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस टीम को 2,500 रुपये का इनाम, इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज यादव, हेड कांस्टेबल आनंद पुरी, कांस्टेबल दिलशाद अहमद, रवीन्द्र खाती, महबूब अली, रोहित कुमार, प्रेम प्रकाश और सुनील कुमार शामिल रहे।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम के सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्त गिरोह का नेटवर्क उजागर हुआ है।

