राजस्व लक्ष्य हासिल करने और अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए सख्त निर्देश, निदेशक राजपाल लेघा ने की समीक्षा…

हल्द्वानी/देहरादून। उत्तराखण्ड में खनन गतिविधियों को व्यवस्थित बनाने, राजस्व लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने और अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय ने सख्ती शुरू कर दी है। शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को निदेशक श्री राजपाल लेघा की अध्यक्षता में प्रदेश के समस्त जनपदों के खान अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित राजस्व लक्ष्यों के सापेक्ष अब तक हुई प्राप्ति की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके साथ ही अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध की गई कार्रवाई, लंबित सीमांकन आख्या और खनन योजनाओं की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की गई।
निदेशक राजपाल लेघा ने राजस्व एवं वन क्षेत्रों में नए उपखनिज लॉटों के चिन्हीकरण की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व वसूली में तेजी लाने के साथ ही अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। खनन क्षेत्रों का सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित करने और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने जनशिकायतों का समयबद्ध समाधान करने तथा विभागीय कार्यों में जवाबदेही और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में खनन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना, सरकारी राजस्व में वृद्धि करना और अवैध खनन गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाना रहा।

