गांधी जयंती के ड्राई डे पर नैनीताल पुलिस का एक्शन, 3 आरोपी गिरफ्तार; 145 पैकेट अवैध शराब बरामद, स्कूटी सीज…

हल्द्वानी/काठगोदाम। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को घोषित ड्राई डे के दौरान अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए गए चेकिंग अभियान के तहत हल्द्वानी के भोटिया पड़ाव और काठगोदाम पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 145 टेट्रा पैक/पाउच देशी शराब बरामद की। वहीं, शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी को भी सीज कर दिया गया।
गांधी जयंती के अवसर पर शराब की बिक्री पर प्रतिबंध के मद्देनजर नैनीताल पुलिस ने जनपद में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान भोटिया पड़ाव चौकी और काठगोदाम कोतवाली पुलिस को अलग-अलग मामलों में सफलता मिली।
चौकी भोटिया पड़ाव पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में रजत दिवाकर पुत्र राजपाल दिवाकर, निवासी वेलांजलि लॉज, हल्द्वानी और राजू पांडे पुत्र पवन पांडे, निवासी वर्कशॉप लाइन, हल्द्वानी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 90 क्वार्टर देशी मसालेदार शराब के टेट्रा पैक बरामद किए गए। इस मामले में रजत दिवाकर के विरुद्ध धारा 60/72 आबकारी अधिनियम तथा राजू पांडे के विरुद्ध धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने रजत दिवाकर द्वारा शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को धारा 72 आबकारी अधिनियम के तहत कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल सतबीर सिंह, विजय भारद्वाज, मुकेश सिंह और धीरेंद्र सिंह शामिल रहे।
वहीं, काठगोदाम पुलिस ने काठगोदाम से हैड़ाखान जाने वाले मार्ग के प्रथम बैंड पर चेकिंग के दौरान दिनेश कुमार वहलिया पुत्र किशन कुमार वहलिया, निवासी टगर व्यूरा, काठगोदाम को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 55 टेट्रा पाउच देशी माल्टा शराब बरामद की। इस संबंध में कोतवाली काठगोदाम में मुकदमा अपराध संख्या 121/2026 के तहत धारा 60(1) आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह मेहता, कांस्टेबल मोहन जोशी और कांस्टेबल करतार सिंह शामिल रहे।
ड्राई डे के दौरान की गई इस कार्रवाई के जरिए नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब की अवैध बिक्री और परिवहन के मामलों में चेकिंग अभियान जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से प्रतिबंधित दिवस पर अवैध शराब की आवाजाही पर अंकुश लगाने के प्रयासों को मजबूती मिली है।