निजी अस्पतालों की मनमानी और लापरवाही के खिलाफ छात्र महासंघ ने खोला मोर्चा, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन; दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग…
हल्द्वानी, 16 नवंबर 2026। हल्द्वानी के निजी अस्पतालों में कथित अनियमितताओं, मनमानी वसूली और मरीजों के इलाज में लापरवाही के आरोपों को लेकर छात्र महासंघ ने मोर्चा खोल दिया है। छात्र महासंघ अध्यक्ष यतिन पाण्डे के नेतृत्व में सोमवार को उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से यतिन पाण्डे ने आरोप लगाया कि शहर के कुछ निजी अस्पतालों में इलाज के नाम पर मनमानी फीस वसूली जा रही है। इसके साथ ही मरीजों के उपचार में गंभीर लापरवाही और सरकारी नियमों की अनदेखी किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। ऐसी परिस्थितियों के चलते मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यतिन पाण्डे ने प्रशासन से मांग की कि पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कमेटी गठित की जाए। अस्पतालों में इलाज के नाम पर हो रही कथित अनियमितताओं पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी मांग उठाई कि गंभीर अनियमितताएं प्रमाणित होने पर संबंधित अस्पताल का पंजीकरण निरस्त करने की कार्रवाई की जाए।
पाण्डे ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं आम जनता की मूलभूत आवश्यकता हैं और मरीजों की मजबूरी का फायदा उठाकर किसी भी प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द ही उचित कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र महासंघ आम जनता के हितों को लेकर आंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान छात्र महासंघ ने प्रशासन से स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर प्रभावी निगरानी रखने की मांग की।

