उत्तराखंड SDRF को बड़ी उपलब्धि, मिला ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र; मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई…

देहरादून। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने गुणवत्ता प्रबंधन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। SDRF को ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र प्राप्त होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बल के समस्त अधिकारियों और जवानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि संगठन की कार्यकुशलता, अनुशासन, समर्पण और आपदा प्रबंधन में गुणवत्ता बनाए रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक परिस्थितियों और प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। ऐसे में आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में SDRF की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। भूस्खलन, बाढ़ और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में SDRF के जवान त्वरित कार्रवाई करते हुए लोगों की जान बचाने और प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाने में अहम योगदान देते हैं।
उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में साहस, तत्परता और सेवाभाव के साथ काम करना SDRF की पहचान है। ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र प्राप्त होना संगठन में प्रभावी प्रबंधन व्यवस्था, निर्धारित प्रक्रियाओं के पालन, कार्यों की गुणवत्ता और निरंतर सुधार के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि SDRF के अधिकारियों और जवानों की मेहनत, समर्पण तथा टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बल भविष्य में भी आपदा प्रबंधन और राहत-बचाव कार्यों में दक्षता बढ़ाते हुए नए मानक स्थापित करेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन तंत्र को आधुनिक, सक्षम और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जन-धन की हानि को कम करना और प्रभावित लोगों तक समय पर राहत एवं सहायता पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी सहित समस्त अधिकारियों, जवानों और संबंधित कार्मिकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि SDRF भविष्य में भी इसी सेवाभाव, तत्परता और समर्पण के साथ प्रदेश की जनता की सुरक्षा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।

