संविधान दिवस पर सीएम धामी का बड़ा ऐलान, अभियोजन विभाग को मिलेंगे 25 लाख रुपये; सभी जिलों के कार्यालय होंगे आधुनिक…

FB_IMG_1795761233826
खबर शेयर करें -

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने अभियोजन विभाग को मजबूत बनाने के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण, कार्यालयों के आधुनिकीकरण और प्रदेश के सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का ऐलान किया।

 

मुख्यमंत्री ने नए आपराधिक कानूनों के प्रति अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को जागरूक करने के लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके साथ ही अभियोजन कार्यालयों में कंप्यूटर एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त बजट दिया जाएगा। प्रदेश के सभी जिलों में अभियोजन कार्यालयों की आधारभूत सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन फैसलों से अभियोजन विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और प्रदेश की आपराधिक न्याय व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विधि, समाज सेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एससी बिरमानी, गोविन्द राम नौटियाल, समाजसेवी कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना, डॉ. महेश कुड़ियाल, शिक्षाविद् एवं समाजसेवी ललित जोशी सहित सेवानिवृत्त अभियोजक राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चन्द्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट और सुन्दर सिंह गुसाईं शामिल रहे।

यह भी पढ़ें:  नैनीताल में 14 जगहों पर मॉक ड्रिल: भूकंप से लेकर केमिकल रिसाव और भगदड़ तक, आपदा से निपटने की परखी गई तैयारियां...

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ एवं ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तकों का विमोचन भी किया।

 

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में न्याय और सत्य को हमेशा सर्वोच्च स्थान दिया गया है। महाभारत की विदुर नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवस्था की प्रतिष्ठा तभी कायम रहती है, जब उसके केंद्र में सत्य, न्याय और निष्पक्षता हो। यही हमारी न्याय व्यवस्था का मूल आधार है।

 

उन्होंने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। विवेचना अधिकारियों द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों का विधिक परीक्षण करना और तथ्यों को न्यायालय के समक्ष निष्पक्ष एवं स्पष्ट तरीके से प्रस्तुत करना अभियोजन अधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उनकी मेहनत, कानूनी दक्षता और निष्पक्ष कार्यशैली से आम नागरिकों का न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत होता है।

यह भी पढ़ें:  मेघालय के ‘PES मॉडल’ से बदलेगी उत्तराखंड के नौलों-धारों की तस्वीर, चम्पावत की टीम ने किया अध्ययन...

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने दो वर्ष, 11 माह और 18 दिन के अथक परिश्रम के बाद भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। यह दिन देश के इतिहास में गौरवपूर्ण स्थान रखता है। वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था को आधुनिक, सरल और नागरिक केंद्रित बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। अंग्रेजों के समय से चले आ रहे आपराधिक कानूनों के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए हैं। इन कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर विशेष ध्यान दिया गया है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की न्याय व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नए न्यायालय भवनों का निर्माण करने के साथ पुराने भवनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालय और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को भी न्याय प्राप्त करने में आसानी हो रही है।

यह भी पढ़ें:  उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 5 IAS और 5 PCS अधिकारियों के तबादले, नैनीताल-अल्मोड़ा समेत कई जिलों में बदले DM...

 

उन्होंने कहा कि युवा अधिवक्ताओं के कौशल विकास, विधि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और महिला अधिवक्ताओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

 

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कानून का प्रभाव तभी दिखाई देता है, जब उसका पालन बिना किसी भेदभाव के हो और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। देवभूमि उत्तराखण्ड में कानून का राज स्थापित रखना और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करना सरकार का संकल्प है।

 

कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, सचिव गृह शैलेश बगौली, निदेशक अभियोजन एपी अंशुमान सहित पुलिस एवं अभियोजन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Ad Ad