जनसुनवाई में दीपक रावत का एक्शन: पूर्व सैनिक की पत्नी को दुर्घटना बीमा दिलाने के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश, भूमि विवाद में भी कराया समाधान…

FB_IMG_1795747811051
खबर शेयर करें -

 

 

हल्द्वानी। आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सोमवार को कैम्प कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान भूमि विवाद, दुर्घटना बीमा क्लेम, जमीन की खरीद-फरोख्त, प्लॉट पर कब्जा और पारिवारिक संपत्ति विवाद से जुड़े मामले सामने आए। आयुक्त ने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के समाधान की पहल की।

 

 

जनसुनवाई में हल्द्वानी निवासी अनिता ने बताया कि उनके पति भूतपूर्व सैनिक थे और सड़क दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई थी। उनकी पेंशन बैंक ऑफ बड़ौदा में आती थी, लेकिन उन्हें दुर्घटना बीमा की धनराशि नहीं मिल पाई।

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी और बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों को कैम्प कार्यालय में तलब कर बीमा क्लेम नहीं मिलने का कारण पूछा।

यह भी पढ़ें:  गीजर ठीक करने के बहाने घर में घुसा, अलमारी से उड़ाए सोने के कड़े और लाखों की नकदी, हल्द्वानी पुलिस ने आरोपी को दबोचा...

 

बैंक अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना बीमा का लाभ लेने के लिए खाते का रक्षा पेंशन पैकेज के अंतर्गत मैप होना और उसमें नियमित रूप से पेंशन जमा होना आवश्यक है। संबंधित पूर्व सैनिक का खाता सामान्य बचत खाता था, जिसके कारण बीमा क्लेम का लाभ नहीं मिल सका। बैंक अधिकारियों के अनुसार रक्षा पेंशन पैकेज के तहत पात्र खाताधारकों को दुर्घटना में मृत्यु होने पर लगभग 35 लाख रुपये तक का बीमा कवर मिलता है।

 

इस पर आयुक्त ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि इस बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि सभी भूतपूर्व सैनिक अपने बैंक खातों को रक्षा पेंशन पैकेज के अंतर्गत मैप करा सकें और उन्हें मिलने वाले लाभ से वंचित न रहना पड़े।

यह भी पढ़ें:  संविधान दिवस पर सीएम धामी का बड़ा ऐलान, अभियोजन विभाग को मिलेंगे 25 लाख रुपये; सभी जिलों के कार्यालय होंगे आधुनिक...

 

 

हल्द्वानी निवासी मुकेश भट्ट ने शिकायत की कि उन्होंने दो वर्ष पूर्व भूमि खरीदने के लिए माया देवी को 5.50 लाख रुपये दिए थे, लेकिन न तो उन्हें जमीन मिली और न ही उनकी धनराशि वापस की गई।

 

आयुक्त ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बुलाकर मामले की सुनवाई की। आपसी समझौते के आधार पर माया देवी को एक माह के भीतर 5.50 लाख रुपये वापस करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में धनराशि वापस नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

 

जनसुनवाई में जसपुर निवासी अनिता शर्मा ने अपनी 60 बीघा भूमि को लेकर पारिवारिक विवाद की शिकायत रखी। उन्होंने बताया कि विवाद के चलते न्यायालय से जमीन पर स्टे लिया गया है, इसके बावजूद दूसरा पक्ष खेत में फसल बोने, तारबाड़ करने और टीन शेड बनाने का कार्य कर रहा है।

यह भी पढ़ें:  संविधान दिवस पर सीएम धामी का बड़ा ऐलान, अभियोजन विभाग को मिलेंगे 25 लाख रुपये; सभी जिलों के कार्यालय होंगे आधुनिक...

 

मामले में आयुक्त दीपक रावत ने स्पष्ट किया कि न्यायालय द्वारा जिस भूमि पर स्थगन आदेश (स्टे) दिया गया है, उस पर आदेश प्रभावी रहने तक उसके विपरीत कोई कार्य नहीं किया जा सकता। उन्होंने दूसरे पक्ष को स्टे का उल्लंघन कर किसी भी प्रकार का निर्माण या अन्य गतिविधि नहीं करने की हिदायत दी और ऐसा करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

 

 

जनसुनवाई के दौरान आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए भटकने से बचाना और उन्हें त्वरित न्याय दिलाना है।

 

 

Ad Ad