मेघालय के ‘PES मॉडल’ से बदलेगी उत्तराखंड के नौलों-धारों की तस्वीर, चम्पावत की टीम ने किया अध्ययन…
वन संरक्षण के बदले समितियों को मिल रहे ₹10 हजार प्रति हेक्टेयर सालाना, महिलाओं की 50% भागीदारी अनिवार्य; सामुदायिक विकास के लिए समिति के खाते में जमा हुए ₹15 लाख..
चम्पावत/शिलांग। उत्तराखंड के पारंपरिक जल स्रोतों धारा-नौलों के संरक्षण और सामुदायिक वनों के पुनर्जीवन को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी उद्देश्य से स्प्रिंग्स एंड रिवर रिजुवेनेशन अथॉरिटी (SARRA) और जनपद चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों का 13 सदस्यीय संयुक्त दल इन दिनों मेघालय के अध्ययन भ्रमण पर है। 25 से 27 नवंबर तक शिलांग में आयोजित इस तीन दिवसीय भ्रमण का मुख्य उद्देश्य मेघालय में सफलतापूर्वक संचालित सामुदायिक वन संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन के मॉडल को समझना तथा उन्हें उत्तराखंड में लागू करने की संभावनाएं तलाशना है।
भ्रमण दल में ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ वन एवं ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारी शामिल हैं। इस दौरान मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MBDA) और मेघालय बेसिन मैनेजमेंट एजेंसी (MBMA) के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को राज्य में संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इनमें जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) के सहयोग से संचालित ‘MEGALIFE’ और जर्मन विकास बैंक (KfW) द्वारा वित्तपोषित ‘MEGARISE’ परियोजनाएं प्रमुख रहीं।
अध्ययन भ्रमण का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण MEGALIFE परियोजना के अंतर्गत संचालित ‘पेमेंट फॉर इकोसिस्टम सर्विसेज’ (PES) मॉडल रहा। इस मॉडल के तहत स्थानीय समुदायों द्वारा प्राकृतिक वनों के संरक्षण के बदले उन्हें आर्थिक प्रोत्साहन दिया जाता है। इसके लिए गठित संरक्षण समितियों में 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य रखी गई है।
इस योजना के अंतर्गत संरक्षित वन क्षेत्र के बदले समितियों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। शिलांग के एक गांव में संचालित समिति ने इस पहल के माध्यम से लगभग 46 से 47 हेक्टेयर वन क्षेत्र का संरक्षण किया है। खास बात यह है कि समिति के खाते में सामुदायिक विकास कार्यों के लिए करीब 15 लाख रुपये की धनराशि जमा हो चुकी है। यह मॉडल दर्शाता है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को आर्थिक मजबूती और ग्रामीण विकास से जोड़कर किस तरह सफल बनाया जा सकता है।
भ्रमण के दौरान SARRA के उपनिदेशक एवं मुख्य वित्त अधिकारी ने क्षेत्र में स्थापित बायोचार उत्पादन संयंत्र का भी निरीक्षण किया। मई 2026 में मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी, फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (FPC) और एक निजी संस्था के बीच हुए त्रिपक्षीय समझौते के बाद इस पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई थी।
इस परियोजना का उद्देश्य बायोचार उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ उससे उत्पन्न होने वाले कार्बन क्रेडिट का लाभ सीधे स्थानीय समुदायों तक पहुंचाना है। इस कार्य में कोर कार्बन एक्स (Core Carbon X) के प्रतिनिधियों ने भी तकनीकी सहयोग प्रदान किया और परियोजना की कार्यप्रणाली से दल को अवगत कराया।
अध्ययन भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मेघालय में अपनाई जा रही एग्रोफॉरेस्ट्री यानी कृषि वानिकी की तकनीकों का भी अध्ययन किया। इन तकनीकों के माध्यम से खेती और वृक्षारोपण को एक साथ जोड़कर पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीणों की आजीविका को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अधिकारियों का मानना है कि मेघालय का PES मॉडल उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है। विशेष रूप से चम्पावत जिले की धारा-नौला संरक्षण समितियों को इस मॉडल से जोड़कर स्थानीय लोगों की आर्थिक भागीदारी बढ़ाई जा सकती है। इससे एक ओर पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण होगा, वहीं दूसरी ओर सामुदायिक वनों को बचाने वाले ग्रामीणों को आर्थिक प्रोत्साहन भी मिल सकेगा।
कुल मिलाकर मेघालय का यह अध्ययन भ्रमण उत्तराखंड में जल संरक्षण, वन संवर्धन और ग्रामीण आजीविका को एक साथ मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। यदि यहां के सफल प्रयोगों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप उत्तराखंड में लागू किया जाता है, तो धारा-नौलों के पुनर्जीवन के साथ सामुदायिक वन संरक्षण को भी नई मजबूती मिल सकती है।

