सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन के हीरो अर्पण यदुवंशी बने नैनीताल के नए एसएसपी, हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद संभाली कमान…

41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने वाले अधिकारी को मिली नैनीताल की जिम्मेदारी, धराली आपदा में 1,386 लोगों का किया था रेस्क्यू; SDRF को दिलाया था ISO प्रमाणन…
हल्द्वानी। नैनीताल जनपद को नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मिल गया है। वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को नैनीताल जिले के एसएसपी का कार्यभार ग्रहण कर लिया। जनपद पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद पुलिस कार्यालय हल्द्वानी पहुंचकर विधिवत पदभार संभाला।
पुलिस कार्यालय पहुंचने पर सलामी गार्द ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद नैनीताल पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। अपने अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और परिणामोन्मुखी कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले अर्पण यदुवंशी के पास पुलिस प्रशासन के साथ-साथ आपदा प्रबंधन का भी लंबा अनुभव है।
नए एसएसपी अर्पण यदुवंशी उत्तरकाशी में पुलिस अधीक्षक के पद पर करीब ढाई वर्ष तक तैनात रहे। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के साथ चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली।
उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धियों में सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान शामिल है। इस अभियान में उन्होंने घटना कमांडर के रूप में नेतृत्व किया और विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरंग में फंसे सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अर्पण यदुवंशी ने सेनानायक राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) के रूप में करीब दो वर्षों तक जिम्मेदारी निभाई। इस दौरान प्रयागराज महाकुंभ-2025 में एक माह तक SDRF की तैनाती और संचालन का नेतृत्व किया।
अगस्त 2025 में आई धराली आपदा के दौरान उनके नेतृत्व में SDRF ने 1,386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया, जबकि करीब 17 हजार लोगों तक भोजन पहुंचाया गया। उनके कार्यकाल में उत्तराखंड SDRF को ISO 9001:2015 प्रमाणन भी प्राप्त हुआ। इसके अलावा करीब 1.80 लाख लोगों को आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
अर्पण यदुवंशी ने BRICS आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान के अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा करने के साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय सुशासन केंद्र (NCGG), लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) और सरदार पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में आपदा प्रबंधन विषय पर व्याख्यान भी दिए।
उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक-2024, महाकुंभ सेवा पदक-2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) से प्रशस्ति तथा पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर) सहित कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
अनुभव और उपलब्धियों से समृद्ध आईपीएस अर्पण यदुवंशी के सामने अब नैनीताल जनपद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था सुधारने और पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
उनके पुलिस प्रशासन और आपदा प्रबंधन के अनुभव को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि उनके नेतृत्व में नैनीताल पुलिस को नई दिशा मिलेगी और जनता की सुरक्षा एवं पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय को प्राथमिकता दी जाएगी।

