ड्रोन से आसमान में लहराया तिरंगा, हाइड्रो रॉकेट से दी सलामी; इंस्पिरेशन पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना स्वतंत्र भारत का 80 वां स्वर्णिम दिवस, स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां…

काठगोदाम। इंस्पिरेशन पब्लिक स्कूल में स्वतंत्र भारत का 80वां स्वर्णिम दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया, श्रीमती गायत्री बल्यूटिया तथा प्रधानाचार्य अनुराग माथुर ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद राष्ट्रगान से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।
समारोह का सबसे आकर्षक क्षण उस समय रहा, जब एस्ट्रो पाठशाला के विद्यार्थियों ने तकनीक का शानदार प्रदर्शन करते हुए ड्रोन के माध्यम से विद्यालय प्रांगण में तिरंगा लहराया। वहीं, हाइड्रो रॉकेट के जरिए राष्ट्रध्वज को सलामी देकर विद्यार्थियों ने विज्ञान और देशभक्ति का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। इस रोमांचक प्रस्तुति ने उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में खासा उत्साह भर दिया।
कार्यक्रम में कक्षा आठ की छात्रा दिव्यांशी पांडे तथा कक्षा तीन के गर्वित सनवाल ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कविताएं प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। कक्षा 12 के छात्र हिमांशु कफल्टिया ने स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले वीर सेनानियों को स्मरण करते हुए प्रभावशाली भाषण दिया। विद्यालय के कॉयर ग्रुप ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों से वातावरण में जोश और उमंग भर दी।
इसी क्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘विविधता में एकता’ की भावना को दर्शाते हुए आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया और भारतीय संस्कृति की विविधता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
समापन अवसर पर विद्यालय की चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक के मन में मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना होनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने जीवन के आदर्श निर्धारित कर उनका अनुसरण करने तथा उत्साह और सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य अनुराग माथुर ने स्वतंत्रता के सही अर्थ और उसके उचित उपयोग पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 10 की खुशी जोशी एवं आरव भाकुनी ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के संगीत एवं कला विभाग के शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। समारोह में नर्सरी से कक्षा 12 तक के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
