डीएम ललित मोहन रयाल की संवेदनशील पहल, खुली बिजली केबलों पर तत्काल कार्रवाई, मोटाहल्दू समेत कई स्थानों पर सड़क पर पड़ी केबलें हुईं सुरक्षित, राहगीरों की सुरक्षा को लेकर एनएच को सख्त निर्देश…
हल्द्वानी, 03 अगस्त। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की संवेदनशीलता और त्वरित संज्ञान के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे खुली अवस्था में पड़ी विद्युत केबलों को तत्काल सुरक्षित करा दिया गया। मोटाहल्दू सहित कई स्थानों पर डिवाइडर में लगी स्ट्रीट लाइटों की विद्युत केबलें खुली अवस्था में सड़क पर होने की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के परियोजना निदेशक को तुरंत आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर पड़ी खुली विद्युत केबलों को सुरक्षित करते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा कराया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से संभावित हादसों को टाल दिया गया और राहगीरों, विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
परियोजना निदेशक ने कहा कि सड़क पर खुली विद्युत केबलें गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थापित स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का नियमित निरीक्षण कराया जा रहा है और जहां भी किसी प्रकार की कमी मिलेगी, उसे तत्काल दूर किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो। सभी विद्युत केबलों एवं अन्य संरचनाओं का समय-समय पर निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।
परियोजना निदेशक ने कहा कि आमजन की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षित एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी की तत्परता और प्रशासन की सक्रिय कार्यशैली से लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है।
