शैमफोर्ड स्कूल के वार्षिकोत्सव ‘एलिजियम 4.0’ में बिखरी प्रतिभाओं की चमक, ‘चित्रहार’ और ‘दशावतार’ की शानदार प्रस्तुतियों ने मोहा मन…
हल्द्वानी। शैमफोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल हल्द्वानी का सातवां वार्षिकोत्सव ‘एलिजियम 4.0’ रविवार, 1 नवंबर 2026 को धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्य और अभिनय के जरिए ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा, भारतीय संस्कृति और हिंदी सिनेमा की खूबसूरत झलक देखने को मिली।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि नैनीताल उच्च न्यायालय की अपर महाधिवक्ता श्रीमती पुष्पा भट्ट, विशिष्ट अतिथि लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, विद्यालय के चेयरमैन एडवोकेट दयासागर बिष्ट सहित अन्य प्रबंधकीय सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस वर्ष वार्षिकोत्सव की प्रस्तुतियों को दो विशेष विषयों पर केंद्रित किया गया था। जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने ‘चित्रहार’ के माध्यम से हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम दौर से लेकर आधुनिक फिल्मों तक के यादगार गीतों और दृश्यों को नृत्य एवं अभिनय के जरिए मंच पर जीवंत किया। नन्हे कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया।
वहीं, सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने ‘दशावतार’ विषय पर भगवान विष्णु के दस अवतारों की पौराणिक गाथा को नृत्य-नाटिका के माध्यम से प्रस्तुत किया। मत्स्य, कूर्म, वराह, नरसिंह, वामन, परशुराम, राम, कृष्ण, बुद्ध और कल्कि अवतारों की मनमोहक प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और जीवन-मूल्यों का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्रीमती पुष्पा भट्ट ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में प्रियांशी बिष्ट, कुशाग्र राठौर, चैताली चंद और प्रज्ञा मनराल सहित अन्य मेधावी छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन दयासागर बिष्ट ने तीनपानी बाईपास पर हाल ही में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन विद्यार्थियों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अभिभावकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि कम उम्र के बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें। साथ ही सभी से यातायात नियमों का पालन करने और बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती संतोष पाण्डेय ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों और दस वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को आधुनिक और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में डिजिटल लाइब्रेरी और स्विमिंग पूल का निर्माण कराया जाएगा। इन सुविधाओं से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं सर्वांगीण विकास के बेहतर अवसर मिलेंगे।
समारोह में पूर्व विधायक नवीन दुम्का, बाल संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, पब्लिक स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश भगत सहित अनेक गणमान्य अतिथि, अभिभावक और विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में डायरेक्टर अकादमिक श्रीमती अंजू भट्ट ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक रंगों से सजा ‘एलिजियम 4.0’ समारोह सभी के लिए यादगार बन गया।

