राष्ट्रीय एकता दिवस पर हल्द्वानी में गूंजा एकता और अखंडता का संदेश, एडीजी एपी अंशुमन ने पुलिसकर्मियों और स्कूली बच्चों के साथ देखा भव्य परेड का लाइव प्रसारण…
हल्द्वानी। देश के लौह पुरुष एवं प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मिनी पुलिस लाइन, हल्द्वानी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) उत्तराखंड एपी अंशुमन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों, जवानों, पुलिस पेंशनर्स और स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का लाइव प्रसारण देखा और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी द्वारा मुख्य अतिथि एडीजी एपी अंशुमन का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने गुजरात के नर्मदा जिले के केवड़िया स्थित एकता नगर में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित भव्य परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण देखा।
इस दौरान प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश को आत्मसात करते हुए देश की एकता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ सामाजिक जागरूकता को भी प्राथमिकता दी गई। स्क्रीन के माध्यम से स्कूली विद्यार्थियों, पुलिसकर्मियों और पुलिस पेंशनर्स को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों और इससे समाज एवं युवा पीढ़ी को होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर एडीजी एपी अंशुमन ने आयोजन की सराहना करते हुए एसएसपी नैनीताल और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, पेंशनर्स और विद्यार्थियों से देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा, समर्पण और कर्तव्यपरायणता के साथ देश सेवा में निरंतर योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कार्यक्रम में शामिल होने और मार्गदर्शन से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मनोबल बढ़ा है।
इस अवसर पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, सेवानिवृत्त आईजी मोहन सिंह बंग्याल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक भूपेंद्र सिंह भंडारी, राजेंद्र सिंह कोश्यारी, सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक दान सिंह मेहता एवं बलबीर सिंह देव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सिंह सहित विभिन्न पुलिस शाखाओं के प्रभारी, पुलिस पेंशनर्स, पुलिसकर्मी, शिक्षकगण और एसकेएम पब्लिक स्कूल, केवीएम स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

