नैनीताल–रामनगर में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, 15 मुकदमों वाला चंदन सागर पैर में गोली लगने से घायल…
उत्तराखंड। नैनीताल और रामनगर क्षेत्र में पुलिस और एक वांछित बदमाश के बीच उस समय जबरदस्त मुठभेड़ हो गई, जब पुलिस दबिश के दौरान बदमाश जंगल में जाकर छिप गया। घेराबंदी किए जाने पर बदमाश ने पुलिस टीम और वाहनों पर कई राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम वांछित बदमाश चंदन सागर की तलाश में दबिश देने पहुंची थी। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही चंदन सागर जंगल में जाकर छिप गया। पुलिस टीम ने जंगल की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया, तभी बदमाश ने पुलिस टीम और वाहनों पर फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई फायरिंग से पुलिस टीम में हड़कंप मच गया। बदमाश की गोलीबारी में पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ। घटना की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे जंगल को घेर लिया गया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें चंदन सागर के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया और घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, चंदन सागर के खिलाफ करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं और उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। क्षेत्र में भय का माहौल पैदा करने वाले इस वांछित बदमाश के खिलाफ पुलिस लंबे समय से कार्रवाई में जुटी थी।
मुठभेड़ की सूचना के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। पुलिस घटनाक्रम की जांच के साथ-साथ फायरिंग के दौरान इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
SSP Nainital मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बदमाशों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
