आरटीओ गुरदेव सिंह की सख्ती का असर, सड़क सुरक्षा के लिए चला बड़ा अभियान; 257 वाहनों के चालान, 22 वाहन सीज…
हल्द्वानी। सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) गुरदेव सिंह के नेतृत्व और सख्त निर्देशों पर परिवहन विभाग ने हल्द्वानी संभाग में व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और आम लोगों की सुरक्षा को मजबूत करना रहा। विभाग की इस कार्रवाई को लोगों ने सड़क सुरक्षा की दिशा में एक प्रभावी और सराहनीय पहल माना।
विशेष अभियान के दौरान हल्द्वानी, रामनगर, रुद्रपुर, काशीपुर और टनकपुर के प्रवर्तन दलों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 257 वाहनों के चालान किए, जबकि गंभीर नियम उल्लंघन पाए जाने पर 22 वाहनों को सीज किया गया। सीज किए गए वाहनों में बाइक, ऑटो, जीप और मालवाहक वाहन शामिल हैं।
अभियान में विशेष रूप से अनाधिकृत ब्लैक फिल्म और हाई-डेंसिटी (तेज रोशनी वाली) लाइट लगाकर चलाए जा रहे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई। 28 वाहनों पर ब्लैक फिल्म और 26 वाहनों पर अवैध हाई-डेंसिटी लाइट मिलने पर चालान किए गए तथा मौके पर ही ब्लैक फिल्म और अनधिकृत लाइटें हटवाई गईं।
इसके अलावा फिटनेस, टैक्स, परमिट शर्तों का उल्लंघन, हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, इंश्योरेंस और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई।
आरटीओ गुरदेव सिंह ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी, लेकिन नियम तोड़ने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उनका कहना है कि परिवहन विभाग का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
इस अभियान में एआरटीओ रामनगर पंकज श्रीवास्तव, परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार, गोविंद, जगदीश, मुकुल अग्रवाल, आनंद प्रकाश गुप्ता, आशुतोष डिमरी, अनिल, सचिन, नंदन आर्य, प्रमोद चौधरी तथा सहायक परिवहन अधिकारी मनोज बागोरिया सहित सभी प्रवर्तन अधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
परिवहन विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे। ब्लैक फिल्म, अवैध हाई-डेंसिटी लाइट, बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालन और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
