मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बस दुर्घटना में घायल यात्रियों का जाना हाल, निःशुल्क उपचार के दिए निर्देश…
देहरादून। कालसी क्षेत्र अंतर्गत क्वानू–मीनस मोटर मार्ग पर हिमाचल परिवहन निगम की बस दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों का हालचाल जानने के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा किया। इस दुर्घटना में हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखण्ड के यात्री घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और चिकित्सकों से उपचार की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने चिकित्सकीय टीम को निर्देश दिए कि सभी घायलों को सर्वोत्तम, त्वरित एवं संवेदनशील चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें शीघ्र स्वस्थ किया जा सके। साथ ही उन्होंने घायलों के परिजनों से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उपचार में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं आने देगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकासनगर के उप जिला चिकित्साधिकारी से दूरभाष पर संवाद कर विकासनगर में उपचाराधीन घायलों को भी समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने हिमाचल प्रदेश सरकार को भी भरोसा दिलाया कि उत्तराखण्ड में उपचाराधीन हिमाचल प्रदेश के सभी घायल यात्रियों का पूर्णतः निःशुल्क एवं बेहतर उपचार किया जा रहा है तथा उनकी सेहत की लगातार निगरानी की जा रही है।
राज्य सरकार द्वारा पीड़ितों के उपचार, देखभाल एवं सहयोग के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
