बर्नीगाड़ को विकास की बड़ी सौगात: ₹217 करोड़ की 38 योजनाओं का शिलान्यास–लोकार्पण, राजकीय महाविद्यालय का भी शुभारंभ…

FB_IMG_1792068961042
खबर शेयर करें -

 

 

सीएम धामी ने शिक्षा, सड़क और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए कीं कई घोषणाएं, बोले—अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ।

 

 

उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले के पुरोला विधानसभा क्षेत्र में स्थित बर्नीगाड़ को विकास की महत्वपूर्ण सौगात देते हुए करीब 217 करोड़ रुपये की लागत वाली 38 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु जनसेवा शिविर में पहुंचे मुख्यमंत्री ने 30 योजनाओं का शिलान्यास और 8 योजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का भी शुभारंभ किया।

 

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में शिक्षा, खेल और सड़क संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण जल्द शुरू कराने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने तथा बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग का निर्माण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही राजकीय महाविद्यालय बड़कोट और चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने डाडा गांव छानी से टटाऊ तक प्रस्तावित पुल एवं सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश देने की बात कही।

 

मुख्यमंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं आवश्यक उपकरण वितरित किए। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।

यह भी पढ़ें:  राजीवनगर प्रथम में मर्यादा पुरुषोत्तम राम के चौथे दिन की लीला का शानदार मंचन, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी ने की शिरकत...

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्नीगाड़ में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवाओं और क्षेत्रवासियों की मौजूदगी उनके प्रति जनता के विश्वास और स्नेह को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है।

 

उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान इसी उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान और सरकारी कार्यों के लिए बार-बार तहसील एवं जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं के समाधान और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रयास कर रही है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्नीगाड़ में जिन विकास योजनाओं की शुरुआत की गई है, उनसे क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। बेहतर सड़क संपर्क से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

 

उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के शुभारंभ से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे। महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है और इसके स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। सरकार दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

यह भी पढ़ें:  राजीवनगर प्रथम में मर्यादा पुरुषोत्तम राम के चौथे दिन की लीला का शानदार मंचन, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी ने की शिरकत...

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में सड़क, पर्यटन, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। गरीबों, किसानों, युवाओं, सैनिकों और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

 

उन्होंने बताया कि राज्य में 3 लाख 10 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सिलाई-बुनाई, हथकरघा, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी पहलें महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

 

उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से महिलाओं को रसोई के धुएं से राहत देने और घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने में मदद मिली है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यात्रियों की सुरक्षा, सुगम यात्रा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

 

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। प्रदेश में सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। उनके अनुसार, अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।

यह भी पढ़ें:  राजीवनगर प्रथम में मर्यादा पुरुषोत्तम राम के चौथे दिन की लीला का शानदार मंचन, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी ने की शिरकत...

 

युवाओं के भविष्य और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में विकास की गति तेज करने तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

 

कार्यक्रम में पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बर्नीगाड़ पहुंचने पर स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

 

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, श्याम डोभाल, जगत सिंह चौहान, लक्ष्मण सिंह भंडारी, पूर्व विधायक मालचंद, नारायण सिंह चौहान, नवीन ठाकुर, सत्येंद्र राणा, महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, किरण रावत, जगमोहन चंद, अनिल चौहान, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, ममता पंवार, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Ad Ad