बड़ी खबर–अंकिता हत्याकांड में बड़ा मोड़, अज्ञात वीआईपी के खिलाफ CBI ने दर्ज किया मुकदमा…
देहरादून/दिल्ली। बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर बड़ा और सनसनीखेज मोड़ सामने आया है। सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच (शाखा-2) ने अज्ञात वीआईपी के खिलाफ दिल्ली में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सोमवार को सीबीआई की टीम मामले की जांच के लिए उत्तराखंड पहुंच चुकी है।
दरअसल, यह पूरा मामला भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी उर्मिला सनावर द्वारा सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो के बाद फिर से सुर्खियों में आया। उर्मिला सनावर ने फेसबुक लाइव के जरिए बड़ा खुलासा करते हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक कथित “वीआईपी गट्टू” का जिक्र किया था।
महिला ने अपने वीडियो में एक ऑडियो क्लिप का भी हवाला दिया, जिसमें दावा किया गया कि एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पास इस हत्याकांड से जुड़ी पूरी जानकारी मौजूद है। इस खुलासे के बाद मामला तेजी से तूल पकड़ने लगा और प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई।
अंकिता हत्याकांड के दोबारा चर्चा में आने के बाद कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिए। लगातार बढ़ते जनदबाव के बीच सीबीआई जांच की मांग जोर पकड़ती गई।
इसी क्रम में 9 जनवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस प्रकरण में सीबीआई जांच की संस्तुति कर दी थी। अब सीबीआई द्वारा अज्ञात वीआईपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने और जांच टीम के उत्तराखंड पहुंचने से एक बार फिर उम्मीद जगी है कि अंकिता को इंसाफ मिल सकेगा।
प्रदेश भर की निगाहें अब सीबीआई जांच पर टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या इस बार पर्दे के पीछे छिपे कथित वीआईपी चेहरे से नकाब हटेगा — इसका जवाब आने वाले दिनों में सामने आएगा।
