लगातार बारिश पर मुख्यमंत्री धामी अलर्ट, सभी जिलों में हाई अलर्ट के निर्देश; जनहानि रोकना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता…
देहरादून। प्रदेश में लगातार हो रही भारी वर्षा और मौसम विभाग की आगामी दिनों की चेतावनियों को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार सुबह सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से दूरभाष पर प्रदेशभर की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने संभावित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आपदा प्रबंधन एवं राहत एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा प्रतिवादन बल (NDRF), जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता से कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखने, नदी-नालों के जलस्तर पर कड़ी नजर बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी जिलाधिकारियों को जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र 24 घंटे सक्रिय रखने और हर घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि जनहानि रोकना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता व तत्परता के साथ अपने दायित्व निभाएं।
सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार के लिए देहरादून, चमोली और बागेश्वर जनपदों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि प्रदेश के अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। कई स्थानों पर तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
उन्होंने प्रदेशवासियों और राज्य में आए पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का गंभीरता से पालन करने की अपील की। नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने, अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने तथा सफर शुरू करने से पहले मौसम और मार्ग की ताजा जानकारी लेने को कहा गया है।
सचिव श्री सुमन ने कहा कि राज्य सरकार की सभी आपदा प्रबंधन एजेंसियां किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, केवल प्रशासन और अधिकृत सरकारी माध्यमों से जारी सूचनाओं पर भरोसा करने तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
