तोता घाटी में सांसद अनिल बलूनी की गाड़ी पर गिरे बोल्डर, बाल-बाल बचे, पीपलकोटी टनल हादसे का जायजा लेने जा रहे थे सांसद, पहाड़ी से अचानक गिरने लगे बड़े पत्थर…
उत्तराखंड। पौड़ी गढ़वाल के सांसद अनिल बलूनी शुक्रवार को एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। सांसद बलूनी पीपलकोटी स्थित THDC की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे का जायजा लेने के लिए देहरादून से सड़क मार्ग के जरिए घटनास्थल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तोता घाटी के पास अचानक पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे।
अचानक हुए भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटना में सांसद के वाहन की चपेट में भी बोल्डर आए, जिससे वाहन को आंशिक नुकसान पहुंचा। हालांकि राहत की बात यह रही कि सांसद अनिल बलूनी पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई है।
मौसम विभाग की ओर से क्षेत्र में जारी हाई अलर्ट के बीच यह घटना सामने आई है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते जगह-जगह भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि सांसद अनिल बलूनी पीपलकोटी पहुंचकर THDC की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे और वहां चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेने जा रहे थे। हादसे के बावजूद उनका दौरा और घटनास्थल की स्थिति का जायजा लेने की प्रक्रिया जारी रही।
गौरतलब है कि पीपलकोटी में निर्माणाधीन THDC टनल में मलबा और पानी भरने से कई श्रमिक फंस गए थे, जिसके बाद प्रशासन और रेस्क्यू टीमों द्वारा युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।