मायापुर टनल हादसा: सीएम धामी ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा, 3 श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान तेज…

FB_IMG_1786690309434
खबर शेयर करें -

चमोली। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने टनल के अंदर जाकर रेस्क्यू कार्यों की स्थिति देखी और मौके पर मौजूद अधिकारियों तथा बचाव दलों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली।

 

टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के टीआरटी टनल की लंबाई करीब 3 किलोमीटर है। टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी भर गया, जिसके चलते श्रमिक अंदर फंस गए।

 

यह भी पढ़ें:  ब्लैकमेलिंग से विवाहिता की आत्महत्या का खुलासा, मुख्य आरोपी आशिक अली गिरफ्तार, आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप, पुलिस ने मोबाइल किया बरामद; दो अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी...

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपलब्ध सभी संसाधनों और आधुनिक तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस सहित सभी बचाव टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को घटना से लेकर अब तक चलाए गए रेस्क्यू अभियान और मौके पर की जा रही व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टनल में फंसे 22 लोगों में से 19 लोगों को अब तक सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि शेष तीन लोगों की तलाश और उन्हें बाहर निकालने के लिए अभियान लगातार जारी है। हादसे में अब तक सात लोगों की दुखद मृत्यु की सूचना है।

यह भी पढ़ें:  नई दिल्ली में प्रवासी बुद्धिजीवियों से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया संवाद, कहा—उत्तराखण्ड की विकास यात्रा में प्रवासियों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण...

 

रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया गया है। अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों की टीम घायलों के उपचार के साथ उनकी लगातार निगरानी कर रही है।

 

मुख्यमंत्री धामी ने निर्देश दिए कि रेस्क्यू ऑपरेशन के साथ घायलों के बेहतर उपचार, प्रभावित श्रमिकों के परिजनों की सहायता और घटनास्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बचाव अभियान में जुटी सभी टीमों का मनोबल बढ़ाते हुए शेष श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पूरी ताकत से जुटे रहने को कहा।

यह भी पढ़ें:  नई दिल्ली में प्रवासी बुद्धिजीवियों से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया संवाद, कहा—उत्तराखण्ड की विकास यात्रा में प्रवासियों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण...

 

इस दौरान जनपद प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, दायित्वधारी हरक सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी, सभासद राजा जोशी, आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, एसपी सुरजीत सिंह पंवार, एसडीएम राजकुमार पांडेय, चंद्रशेखर वशिष्ठ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे।

Ad