लालकुआं में कोतवाल के खिलाफ जनआक्रोश, कोतवाली के बाहर धरने पर बैठे नगर पंचायत अध्यक्ष; कार्रवाई की मांग से गरमाया माहौल…

ChatGPT Image Sep 22, 2026, 11_54_14 AM
खबर शेयर करें -

 

 

लालकुआं। ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने का मामला अब पुलिस और जनप्रतिनिधि के बीच टकराव में बदल गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और कोतवाली प्रभारी के बीच हुई कथित अभद्रता और धक्का-मुक्की के बाद लालकुआं में माहौल गरमा गया है। कोतवाल के व्यवहार से नाराज नगर पंचायत अध्यक्ष ने पूर्व सैनिक संगठन और नगर के तमाम गणमान्य लोगों के साथ कोतवाली के बाहर मोर्चा खोलते हुए अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित कोतवाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।

 

विवाद की शुरुआत मंगलवार सुबह आजाद नगर के वार्ड नंबर चार स्थित सीओ कार्यालय रोड पर हुई। जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थ ऑप्टिकल के समीप पराल से लदी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने विद्युत पोल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बिजली का पोल और तार क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी को फोन पर दी। सूचना मिलते ही अध्यक्ष मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर चालक को वाहन रोकने के लिए कहा।

 

नगर पंचायत अध्यक्ष का आरोप है कि घटना के काफी देर बाद मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी ने मामले की जानकारी लेने के बजाय उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कोतवाल ने उनके साथ अशोभनीय व्यवहार करते हुए धक्का-मुक्की भी की। इस घटना के बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया और मामला पुलिस प्रशासन तक पहुंच गया।

 

 

नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को शिकायती ज्ञापन भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ पुलिस अधिकारी का इस तरह का व्यवहार न केवल जनप्रतिनिधि की गरिमा और सम्मान के खिलाफ है, बल्कि पुलिस विभाग की कार्यशैली और मर्यादा पर भी सवाल खड़े करता है।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना से उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित होना पड़ा और मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ा। अध्यक्ष ने एसएसपी से संबंधित कोतवाली प्रभारी और घटना में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ उचित विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

 

 

इधर, मामले को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष के समर्थन में पूर्व सैनिक संगठन सहित शहर के तमाम गणमान्य लोग एकजुट हो गए हैं। सभी ने कोतवाली के बाहर धरना शुरू कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

 

फिलहाल, कोतवाली के सामने चल रहे धरने और कोतवाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग से लालकुआं का माहौल गरमा गया है। अब सभी की निगाहें पुलिस के उच्चाधिकारियों के रुख और इस मामले में होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

 

Ad Ad