बिग ब्रेकिंग–वायरल वीडियो बना सबूत: नंबर प्लेट छिपाकर और ब्लैक फिल्म लगाकर घूम रहे युवक पर नैनीताल पुलिस का बड़ा एक्शन, वाहन सीज, देखिये वीडियो…

हल्द्वानी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर नैनीताल पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया। वाहन चालक नंबर प्लेट छिपाकर और प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म लगाकर शहर की सड़कों पर वाहन दौड़ाता दिखाई दे रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर हल्द्वानी पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में टीपी नगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार और पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन को पकड़ लिया।
जांच में सामने आया कि वाहन की नंबर प्लेट को जानबूझकर ढका गया था, शीशों पर प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म लगी थी और चालक मौके पर वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार वाहन चालक की पहचान मानव मनचंदा, पुत्र अनंत मनचंदा, निवासी सौरभ होटल के पास, वार्ड नंबर-16, सिविल लाइंस, हल्द्वानी (जनपद नैनीताल) के रूप में हुई है।
नैनीताल पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहनों की नंबर प्लेट हमेशा स्पष्ट और निर्धारित मानकों के अनुसार रखें, प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म का प्रयोग न करें तथा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेजों के वाहन न चलाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
“सड़क सुरक्षा, सबकी सुरक्षा” का संदेश देते हुए पुलिस ने लोगों से जिम्मेदार नागरिक बनकर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
