व्यापारियों को बड़ी राहत: महापौर गजराज सिंह बिष्ट की पहल रंग लाई, किराया बढ़ोतरी पर सहमति और निर्माण अनुमति प्रक्रिया हुई आसान…
हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट की पहल पर शहर के व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने नगर आयुक्त परितोष वर्मा, कर निरीक्षक महेश पाठक तथा नगर निगम के अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर महत्वपूर्ण निर्णय कराए।
बैठक में व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए ₹1 के स्थान पर ₹1.50 किराया निर्धारित किए जाने के अनुरोध को स्वीकार कर लिया गया। इसके साथ ही दो मंजिला भवन निर्माण की अनुमति प्रक्रिया को भी सरल और सुगम बनाने का निर्णय लिया गया है। माना जा रहा है कि इससे व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों के विस्तार में सुविधा मिलेगी और अनावश्यक प्रशासनिक जटिलताओं से राहत मिलेगी।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम व्यापारियों के हितों की रक्षा और शहर के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा ताकि स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिल सके और विकास कार्यों में तेजी आए।
महापौर के इस सकारात्मक प्रयास से उत्साहित व्यापारियों ने उनका माल्यार्पण कर, मिठाई खिलाकर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। व्यापारियों ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह निर्णय व्यापार जगत के लिए राहत देने वाला साबित होगा।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, योगेश शर्मा, पंकज कपूर, आशीष मल्होत्रा, राजीव जायसवाल, मनोज जायसवाल, नंदकिशोर वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि गोपाल भट्ट सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
