ऑरेंज अलर्ट के बीच मुख्यमंत्री धामी हाई अलर्ट पर: 24×7 सतर्क रहने के निर्देश, राहत-बचाव में लापरवाही बर्दाश्त नहीं…
देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा प्रदेश के अधिकांश जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने और सोमवार रात से लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार तड़के प्रदेश की स्थिति की उच्चस्तरीय समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से सभी जनपदों में बारिश की स्थिति, बंद सड़क मार्गों, नदियों के जलस्तर, जलभराव, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।
इस दौरान आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक और मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी प्रदेश में बारिश से उत्पन्न हालात की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ 24×7 अलर्ट मोड में कार्य करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपदा या आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में एक पल की भी देरी नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराए जाएं।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में जाकर स्वयं स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षा के कारण बंद हुए सड़क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द खोलने के आदेश भी दिए।
उन्होंने हेली सेवाओं को भी पूरी तरह अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर दुर्गम और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जा सकें और जरूरतमंद लोगों तक शीघ्र सहायता पहुंचाई जा सके।
चारधाम यात्रा सहित प्रदेश के सभी प्रमुख मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अत्यधिक वर्षा या भूस्खलन की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए और मौसम व मार्ग सामान्य होने के बाद ही आगे जाने की अनुमति दी जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर प्रदेश की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एससीईओ प्रशासन प्रकाश चंद्र, एससीईओ क्रियान्वयन एवं डीआईजी राजकुमार नेगी, जेसीईओ दिनेश कुमार पुनेठा तथा एसईओसी प्रभारी प्रतिभा पुरोहित सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
