ED की बड़ी कार्रवाई: हरीश रावत के पूर्व OSD चंदन सिंह जीना के घर छापा, 32 लाख नकद और सोना बरामद…

IMG-20260911-WA0034(1)
खबर शेयर करें -

 

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की VPDO परीक्षा-2016 में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ED की देहरादून सब-जोनल टीम ने 10 सितंबर को देहरादून में कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल में OSD और PA रहे चंदन सिंह जीना के आवास से करीब 32 लाख रुपये की बेहिसाबी नकदी, लगभग 200.5 ग्राम सोने के सिक्के और चेन बरामद होने की बात सामने आई है। इसके अलावा 12 लग्जरी घड़ियां भी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।

ED के मुताबिक, यह कार्रवाई UKSSSC की VPDO परीक्षा-2016 में कथित बड़े पैमाने पर हुई अनियमितताओं और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत की गई। मामला देहरादून के थाना विजिलेंस में दर्ज FIR तथा उससे संबंधित तीन अन्य FIR पर आधारित बताया गया है।

जांच के दायरे में तत्कालीन UKSSSC अध्यक्ष-सचिव, तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक, OMR शीट की प्रोसेसिंग से जुड़ी निजी कंप्यूटर एजेंसी के मालिक और कथित बिचौलियों से जुड़े ठिकाने भी शामिल रहे।

ED की कार्रवाई के दौरान वर्ष 2014 से 2017 तक तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल में OSD और PA रहे चंदन सिंह जीना के आवास को भी तलाशी के दायरे में शामिल किया गया।

तलाशी में नकदी, सोने और महंगी घड़ियों की बरामदगी के बाद मामले में कथित अनियमितताओं से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच और तेज होने की संभावना है। ED की जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

Ad