महापौर गजराज सिंह बिष्ट की बड़ी पहल: नगर निगम बोर्ड की बैठक में 16 अहम फैसलों पर मुहर, डिजिटल यूजर चार्ज ऐप भी लॉन्च…

हल्द्वानी। हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और नागरिक हितों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा के बाद कुल 16 महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक की शुरुआत उत्तराखंड सरकार द्वारा मनोनीत आठ पार्षदों को महापौर द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाकर की गई।
बैठक के दौरान नगर निगम ने डोर-टू-डोर यूजर चार्ज संग्रहण के लिए मोबाइल ऐप का शुभारंभ भी किया। इस नई डिजिटल व्यवस्था से यूजर चार्ज संग्रहण अधिक पारदर्शी, आसान और प्रभावी होगा तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
बोर्ड बैठक में महापौर की ओर से 12 और पार्षदों की ओर से 4 जनहित प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए, जिनमें शहर के समग्र विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इनमें नगर निगम की किरायेदारी दुकानों के किराये में संशोधन, 200 नए विद्युत पोल एवं तार लगाने, सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए वाहन खरीदने, निगम भवन के विस्तार और सिंगल विंडो सिस्टम विकसित करने, सुभाष नगर में क्षेत्रीय कार्यालय खोलने, महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने, फ्रेश वेस्ट प्लांट से जुड़े भुगतान, गंगापुर कबड़वाल गोशाला में बायोगैस प्लांट और इंसिनरेटर लगाने, एसडब्ल्यूएम नियम-2026 के तहत उपविधियां बनाने, ट्यूबवेल निर्माण, आरोग्य मंदिर के अनुबंध पर विचार सहित कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
इसके अलावा पार्षदों के प्रस्तावों में सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर लगाने, यूयूएसडीए द्वारा बनाई जा रही सड़कों के साथ नालियों का निर्माण अनिवार्य करने, आवासीय क्षेत्रों में संचालित कबाड़ की दुकानों को हटाने तथा पूर्व में कराए गए कार्यों को कार्योत्तर स्वीकृति देने के प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम का हर निर्णय जनता की सुविधा, पारदर्शिता और शहर के सुनियोजित विकास को ध्यान में रखकर लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा पारित सभी प्रस्तावों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाएगा ताकि हल्द्वानी-काठगोदाम को प्रदेश के सबसे स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहरों में शामिल किया जा सके।
बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी श्री टोलिया, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा सभी पार्षद उपस्थित रहे। अंत में महापौर ने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए नगर हित में सर्वसम्मति से निर्णय लेने की परंपरा को आगे भी बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
